
उत्तर प्रदेश में हरदोई जिले के हरदोई-सांडी मार्ग पर बघराई गांव के निकट एक पेड़ से टकराकर कार में आग लग जाने से उसमें सवार पति. पत्नी की जलकर मौत हो गयी। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। हरदोई (पूर्वी) के अपर पुलिस अधीक्षक नृपेन्द्र ने बताया कि कोतवाली शहर के मोहल्ला रद्धेपुरवा रोड निवासी आकाश पाल (23) शुक्रवार को पत्नी कीर्ति (20) को बीए की परीक्षा दिलाने सांडी आया था और दोपहर बाद दोनों वापस हरदोई आ रहे थे।
उन्होंने एक प्रत्यक्षदर्शी के हवाले से बताया कि अचानक बघराई गांव के निकट गौशाला के पास कार सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई। एएसपी के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि कार में आग लग गई और दंपति वाहन से निकल नहीं पाया और दोनों की जलकर मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर एएसपी नृपेंद्र, बिलग्राम के पुलिस क्षेत्राधिकारी सुनील शर्मा,शहर कोतवाल संजय पांडेय आदि मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया की मामले की जांच की जा रही है।








