
देहरादून: भारतीय क्रिकेट टीम के स्पिन गेंदबाज कुलदीप यादव 14 मार्च को मसूरी के प्रसिद्ध Hotel Savoy Mussoorie में वंशिका के साथ शादी के सात फेरे लेने जा रहे हैं। इससे पहले दोनों ने टी20 विश्व कप से पहले सगाई की थी और अब यह रिश्ता विवाह के बंधन में बदलने जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार शादी समारोह की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। होटल सेवॉय में 13 और 14 मार्च के लिए सभी कमरे पहले से ही बुक कर लिए गए हैं। शादी के बाद 15 मार्च को दोनों परिवारों के साथ वापस लौट जाएंगे।
मेहमानों के ठहरने की व्यवस्था मसूरी के ही लग्जरी JW Marriott Mussoorie Walnut Grove Resort & Spa में की गई है। इस खास मौके पर क्रिकेट जगत की कई बड़ी हस्तियों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि Jay Shah और भारतीय टी20 टीम के कप्तान Suryakumar Yadav सहित टीम इंडिया के कई खिलाड़ी समारोह में शामिल हो सकते हैं।
वंशिका कानपुर के श्याम नगर की रहने वाली हैं और Life Insurance Corporation of India में कार्यरत हैं। कुलदीप और वंशिका एक-दूसरे को बचपन से जानते हैं और लंबे समय से दोनों के बीच गहरी दोस्ती रही है। समय के साथ यह दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई और परिवार की सहमति से दोनों ने हाल ही में सगाई कर अपने रिश्ते को नया नाम दिया।
सगाई समारोह में क्रिकेट जगत के कई खिलाड़ी भी मौजूद रहे थे, जिनमें भारतीय टीम के खिलाड़ी Rinku Singh भी शामिल थे। अब परिवार और करीबी लोगों की मौजूदगी में यह जोड़ी जल्द ही शादी के बंधन में बंधने जा रही है।





