
सीतापुर : जिले में एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस वक्त हुआ, जब करीब 20 से 25 यात्रियों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में जान गंवाने वालों में ज्यादातर महिलाएं शामिल हैं।
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया और तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"
सीतापुर के पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में लगभग 20 से 25 लोग सवार थे। इसी दौरान पीछे से आए एक ट्रक ने उसमें टक्कर मार दी, जिससे वाहन पलट गया। इस दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हुई है, जबकि कई लोग घायल हैं। पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रक को कब्जे में ले लिया है और उसके चालक की तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं। मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, लखनऊ रेंज की पुलिस महानिरीक्षक किरण एस. ने हादसे पर दुख जताते हुए तेज रफ्तार को दुर्घटना की संभावित वजह बताया है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और यह भी पता लगाया जाएगा कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।
स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ
आईजी ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में यात्रियों को ढोने पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि ट्रैक्टर-ट्रॉली कृषि कार्यों के लिए बनाए गए वाहन हैं, इनका इस्तेमाल सवारियों को लाने-ले जाने के लिए नहीं किया जाना चाहिए। इस तरह की लापरवाही सड़क हादसों की वजह बन सकती है।
उन्होंने पुलिस और परिवहन विभाग को यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश देने की बात कही। साथ ही मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों का हवाला देते हुए कहा कि कृषि वाहनों के व्यावसायिक या यात्री परिवहन में इस्तेमाल को रोकने के लिए दोनों विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करना होगा।
फिलहाल पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। ट्रक चालक की तलाश जारी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।






