
देवप्रयाग/अमरोहा : केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के श्री रघुनाथ कीर्ति परिसर, देवप्रयाग में अध्ययनरत योग विज्ञान के छात्र उदय शर्मा ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर देवप्रयाग और अमरोहा जनपद का नाम रोशन किया है। ‘विकसित भारत’ विषय पर आयोजित राष्ट्रीय स्पर्धा में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए उदय को उनकी उल्लेखनीय प्रस्तुति के लिए देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा सम्मानित किया गया।
समापन समारोह के दौरान उदय शर्मा को रक्षा मंत्री के साथ सहभोज में शामिल होने का अवसर भी मिला। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरणादायी संबोधन को सुनकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"
उत्तर प्रदेश के अमरोहा जनपद के मुबारिकपुर खुर्द गांव निवासी उदय शर्मा वर्तमान में योग विज्ञान के द्वितीय वर्ष के छात्र हैं। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त करने के बाद उन्हें राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला।
राष्ट्रीय मंच पर आयोजित बौद्धिक परिचर्चा में उदय ने नशा मुक्ति जैसे संवेदनशील विषय पर ‘डिजिटल लिकर कार्ड’ की परिकल्पना प्रस्तुत की, जिसमें शराब बिक्री का डिजिटल रिकॉर्ड अनिवार्य करने का सुझाव दिया गया। उनका यह विचार नाबालिगों को नशे से दूर रखने की दिशा में एक प्रभावी पहल माना गया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और वायुसेना प्रमुख अमरप्रीत सिंह ने उनके विचारों की खुले दिल से सराहना की।
स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ
अपनी सफलता पर खुशी जताते हुए उदय शर्मा ने कहा कि एक साधारण किसान परिवार से निकलकर राष्ट्रीय मंच तक पहुंचना उनके लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने अपनी उपलब्धि का श्रेय अपने गुरुजनों, विश्वविद्यालय प्रशासन और मित्रों को दिया।
श्री रघुनाथ कीर्ति परिसर के निदेशक प्रो. पीवीबी सुब्रह्मण्यम ने उदय की उपलब्धि को संस्थान के लिए गौरव का विषय बताया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उदय की इस सफलता से पूरे परिसर और क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।







