
देहरादून : पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत के बड़े भाई बृजमोहन सिंह रावत के निधन से परिवार और उनके परिचितों में शोक की लहर है। उनके निधन की खबर सामने आने के बाद राजनीतिक, सामाजिक और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों की ओर से शोक संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं। दिवंगत बृजमोहन सिंह रावत को श्रद्धांजलि देने और उनके अंतिम दर्शन के लिए लगातार लोग पहुंच रहे हैं।
गुरुवार को देहरादून के डिफेंस कॉलोनी स्थित पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के आवास पर बृजमोहन सिंह रावत के निधन पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनके आवास पर पहुंचकर पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन किए। मुख्यमंत्री ने दिवंगत बृजमोहन सिंह रावत के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। साथ ही शोक संतप्त परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस दुखद घड़ी में त्रिवेंद्र सिंह रावत और उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। मुख्यमंत्री के पहुंचने पर परिवार के सदस्यों ने उनका आभार व्यक्त किया।
वहीं, प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत भी श्रद्धांजलि सभा में शामिल होने के लिए डिफेंस कॉलोनी स्थित आवास पर पहुंचे। उन्होंने बृजमोहन सिंह रावत के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन किए और पुष्प अर्पित कर अपनी श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और उनके परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर इस कठिन समय में उनके प्रति संवेदना व्यक्त की।
स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ
श्रद्धांजलि सभा में राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों के साथ ही विभिन्न वर्गों के लोग भी पहुंचे। सभी ने दिवंगत बृजमोहन सिंह रावत को याद करते हुए उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया और परिवार के प्रति अपनी सहानुभूति जताई। इस दौरान आवास पर शोकपूर्ण माहौल बना रहा। परिजनों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों के बीच हर कोई इस दुखद घटना से व्यथित नजर आया।
बृजमोहन सिंह रावत के निधन को लेकर राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों में भी शोक की भावना देखने को मिली। नेताओं और अन्य लोगों ने शोक संदेशों के माध्यम से त्रिवेंद्र सिंह रावत एवं उनके परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं। श्रद्धांजलि सभा में मौजूद लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और ईश्वर से शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की कामना की।






